जिला अधिवक्ता संघ किशनगंज के संयुक्त सचिव पद पर मिंहाज सरवर भारी मतों से निर्वाचित, अधिवक्ताओं में खुशी की लहर

 


किशनगंज। जिला अधिवक्ता संघ किशनगंज के संयुक्त सचिव पद के लिए संपन्न हुए चुनाव में अधिवक्ता मिंहाज सरवर ने भारी मतों से शानदार जीत दर्ज कर अपनी मजबूत लोकप्रियता का परिचय दिया। उनकी जीत के बाद जिला अधिवक्ता संघ परिसर में खुशी एवं उत्साह का माहौल देखा गया। समर्थकों और अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया तथा नवनिर्वाचित संयुक्त सचिव को फूल-माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं।


इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता संजय मोदी, अधिवक्ता ललित कुमार महतो, अधिवक्ता नूर अहमद, अधिवक्ता तौहीद आलम सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने मिंहाज सरवर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की कामना की। सभी अधिवक्ताओं ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में जिला अधिवक्ता संघ और अधिक मजबूत होगा तथा अधिवक्ताओं की समस्याओं एवं अधिकारों के लिए प्रभावी ढंग से आवाज उठाई जाएगी।


नवनिर्वाचित संयुक्त सचिव मिंहाज सरवर ने अपनी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए जिला अधिवक्ता संघ किशनगंज के सभी माननीय अधिवक्ताओं का दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे अधिवक्ता समाज के विश्वास, समर्थन और स्नेह की जीत है। उन्होंने कहा कि जिस भरोसे और उम्मीद के साथ अधिवक्ताओं ने उन्हें अपना समर्थन दिया है, उस विश्वास को वे कभी टूटने नहीं देंगे।


उन्होंने कहा कि जिला अधिवक्ता संघ के सम्मान, अधिवक्ताओं के अधिकार, युवा अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन तथा संघ की एकता और मजबूती के लिए वे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अधिवक्ताओं की हर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा तथा संघ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।


चुनाव परिणाम घोषित होते ही अधिवक्ता संघ परिसर में समर्थकों की भीड़ जुट गई। सभी ने मिंहाज सरवर के पक्ष में आए भारी जनसमर्थन को उनकी लोकप्रियता, सरल स्वभाव और अधिवक्ताओं के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। इस मौके पर कई अधिवक्ताओं ने कहा कि मिंहाज सरवर हमेशा अधिवक्ताओं के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं और यही कारण है कि उन्हें इतना व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ।


कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिवक्ताओं ने कहा कि नई टीम से अधिवक्ता समाज को काफी उम्मीदें हैं और आने वाले समय में संघ के विकास एवं अधिवक्ताओं के हित में बेहतर कार्य देखने को मिलेगा। पूरे कार्यक्रम के दौरान बधाई देने वालों का तांता लगा रहा तथा अधिवक्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Post a Comment

0 Comments