दिल्ली, आगरा व कानपुर के लिए बस के किराये में मिलेगी 10 प्रतिशत छूट
नालंदा: 15 दिनों के बाद बिहारशरीफ-गाजियाबाद तक जाने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है। करीब 15 दिनो से बंद बस सेवा पुन: 11 जुलाई से शुरू की जाएगी। साथ ही किराया में भी 10 प्रतिशत की छूट दी गयी है। बुकिंग एजेंट मो. कैशर ने बताया कि विभाग के निर्देश पर किराया में 10 प्रतिशत छूट के साथ पुन: बिहारशरीफ-गाजियाबाद बस सेवा शुरू की जाएगी। अब कानपूर जाने वाले को 1125, आगरा के लिए 1395 एवं दिल्ली जाने वाले यात्रियों के 1575 रुपया किया देना होगा। इसके अलावा अन्य जगहों के लिए किराया में कोई बदलाव नहीं किया गया है।इस बस सेवा के तहत बिहार शरीफ से गाजियाबाद के लिए पहली बस को जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने आज बिहार राज्य पथ परिवहन निगम डिपो, बिहार शरीफ से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सीसीटीवी, वाई फाई, एलइडी स्क्रीन जैसी कई अन्य अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस बस का परिचालन बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा किया जा रहा है। यह बस हर दूसरे दिन बिहार शरीफ से अपराह्न 2:00 बजे खुलेगी तथा अगले दिन लगभग 11:00 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी। बिहार शरीफ से गाजियाबाद का किराया 1750 रुपए निर्धारित है। डायमंड सीट (कुल 4) के लिए यात्री भाड़ा 1850 रुपए निर्धारित है। यह बस बिहार शरीफ से नवादा, गया, सासाराम, कानपुर, आगरा,नोइडा होते हुए गाजियाबाद जाएगी।
बस को रवाना करने से पूर्व जिला पदाधिकारी ने बस के अंदर जाकर सारी उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा यात्रियों एवं चालक से बातचीत भी की। इस बस के परिचालन हेतु दो चालक मनिंदर सिंह एवं जितेंद्र सिंह नियुक्त किए गए हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जिला वासियों के लिए, विशेषकर बिहार शरीफ के निवासियों के लिए यह बस सेवा अत्यंत लाभदायक होगी। अब उन्हें दिल्ली जाने के लिए पटना जाकर यात्रा करने की बाध्यता नहीं रहेगी। जिला पदाधिकारी ने यात्रियों एवं बस चालक को इस यात्रा के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी मनोज कुमार, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के मुख्य यांत्रिक अभियंता कुमार अनुरोध तथा क्षेत्रीय प्रबंधक अरविंद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


0 Comments